रांची : दो नए चेहरे के साथ झारखंड में चम्पाई सोरेन सरकार ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया। कुल आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दो नए चेहरे हैं। बाकी छह पुराने विधायकों को ही मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट में बसंत सोरेन, बैद्यनाथ राम और दीपक बिरुआ को जगह दी गई। इनके नाम भी राजभवन भेज दिए गए लेकिन बाद में कांग्रेस विधायकों के हंगामे को देखते हुए बैद्यनाथ राम के नाम को सूची से हटा दिया गया।
राजभवन शपथ ग्रहण समारोह में रामेश्वर उरांव, दीपक बिरुआ, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, मिथिलेश ठाकुर, बसंत सोरेन, हफीजुल अंसारी और बेबी देवी ने मंत्री पद की शपथ ली। झामुमो से पांच तथा कांग्रेस से तीन मंत्रियों ने शपथ ली। हफीजुल ने उर्दू में मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने बारी-बारी से मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्य सचिव ने मंत्रियों की नियुक्ति संबंधित आदेश को पढ़ा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दो फरवरी को राज्यपाल राधाकृष्णन ने चम्पाई सोरेन को राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में राजभवन के दरबार हॉल में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इनके साथ आलमगीर आलम तथा सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।
झामुमो से मंत्री
सरायकेला विधायक- चम्पाई सोरेन (मुख्यमंत्री)
दुमका विधायक- बसंत सोरेन (पहली बार मंत्री)
मधुपुर विधायक- हफीजुल हसन
डुमरी विधायक- बेबी देवी
गढ़वा विधायक- मिथिलेश कुमार ठाकुर
चाईबासा विधायक- दीपक बिरुआ (पहली बार मंत्री )
कांग्रेस से मंत्री
लोहरदगा विधायक- डॉ रामेश्वर उरांव
पश्चिमी सिंहभूम विधायक- बन्ना गुप्ता
जरमुंडी विधायक- बादल पत्रलेख
पाकुड़ विधायक- आलमगीर आलम
राजद से मंत्री
चतरा विधायक – सत्यानंद भोक्ता
शपथग्रहण इसके बाद नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
मुख्यमंत्री-चम्पाई सोरेन
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, गृह (कारा सहित) विभाग,
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग तथा वैसे सारे विभाग जो अन्य मंत्रियों का आवंटित नहीं है।
आलमगीर आलम
ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग।
सत्यानंद भोक्ता
श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग उद्योग विभाग।
डॉ. रामेश्वर उरांव
वित्त विभाग योजना एवं विकास विभाग वाणिज्य कर विभाग खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग।
बेबी देवी
महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग।
हफीजुल हसन
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, निबंधन विभाग, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग।
बसंत सोरेन
पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग ।
मिथिलेश ठाकुर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग।
बादल पत्रलेख
कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग।
बन्ना गुप्ता
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, विभाग आपदा प्रबंधन विभाग।
दीपक बिरुआ
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग (अल्पसंख्यक कल्याण को छोड़कर) परिवहन विभाग।